चिंतपूर्णी में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान आचार्य गोपालचंद शास्त्री ने सुंदरकांड का भावपूर्ण व्याख्यान करते हुए भगवान श्रीराम के परम भक्त हनुमान जी की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि हनुमान के व्यक्तित्व में भक्ति, शक्ति और बुद्धि का ऐसा अद्भुत संगम था, जो हर व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रभु श्रीराम के प्रति उनकी अटूट निष्ठा, अद्भुत पराक्रम और असाधारण बुद्धिमत्ता के कारण ही उन्होंने ऐसे कार्य कर दिखाए, जिन्हें करना किसी साधारण व्यक्ति के लिए संभव नहीं था।