लंबित मांगों को लेकर पेंशनरों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में पेंशनर एसोसिएशन ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने सोलन में उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। 12 से 17 नवंबर तक चलने वाले इस धरने में विभिन्न विभागों के पेंशनर एसोसिएशन के बैनर तले अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं। धरने पर बैठे पेंशनरों ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से उन्हें पूरा करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इसी कारण उन्हें धरना प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि उपायुक्त कार्यालय के बाहर 12 से 17 नवंबर तक धरना जारी रहेगा। इसके बाद 19 नवंबर को पेंशनर विधानसभा का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के पेंशनर अपनी मांगों को लेकर इस आंदोलन में शामिल होंगे। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि आईएएस लॉबी और स्वयंभू नेता मुख्यमंत्री तथा अन्य मंत्रियों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेंशनरों की मांगों पर सरकार को गंभीरता से निर्णय लेना चाहिए, ताकि उन्हें बार-बार आंदोलन का रास्ता न अपनाना पड़े। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो पेंशनर परिवार सहित सड़कों पर उतरकर धरना प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने सरकार से लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई।