बाल दिवस के अवसर पर सोलन शहर के मालरोड पर बच्चों के लिए खास कार्यक्रम आयोजित किया गया। मालरोड स्थित शिव बेकर्स की ओर से बाल दिवस पर केक काटा गया और स्कूली बच्चों के बीच खुशियां बांटी गईं। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न स्कूलों के बच्चे शामिल हुए। इस दौरान केक काटकर सभी बच्चों को वितरित किया गया। बच्चों ने भी इस आयोजन में उत्साह के साथ भाग लिया। इस मौके पर कारोबारी मुकेश गुप्ता ने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को बच्चों से विशेष लगाव था। इसी कारण उनके जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि बाल दिवस बच्चों की खुशियों और उनके प्रति प्रेम व्यक्त करने का अवसर है। इसी भावना के साथ मालरोड पर केक काटकर बच्चों में बांटा गया, ताकि उनके चेहरे पर मुस्कान लाई जा सके।