देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस पर जिला कांग्रेस कमेटी ने सोलन के चिल्ड्रन पार्क में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुभाष वर्माणी, जोगिंद्रा बैंक के चेयरमैन मुकेश शर्मा सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जोगिंद्रा बैंक के चेयरमैन मुकेश शर्मा ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू का देश के निर्माण में बहुत बड़ा योगदान रहा है। सभी लोगों को उनके बताए रास्तों और विचारों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुभाष वर्माणी ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू को बच्चों से विशेष लगाव था। इसी कारण उनका जन्मदिवस बाल दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि आज बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए प्रेरित करना जरूरी है, ताकि वे बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ सकें।