फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोलन में आपदा प्रबंधन पर जागरूक हुए विद्यार्थी, 300 लोगों को दिया जा चुका है आपदा मित्र प्रशिक्षण

राजकीय संस्कृत महाविद्यालय सोलन में अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और माई भारत के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और स्वयंसेवियों को आपदा प्रबंधन, जरूरी सावधानियों और जोखिम कम करने के उपायों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व में हुई आपदाओं पर आधारित वीडियो प्रदर्शन से हुई। कार्यक्रम में सहायक जिला युवा अधिकारी कनिष्क शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भारती कौशिक, पूरन चंद और रवि कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) सोलन के प्रतिनिधि पूरन चंद ने एनएसएस स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने नौणी विश्वविद्यालय में आयोजित आपदा मित्र प्रशिक्षण शिविर का उल्लेख करते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से लगभग 300 लोगों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। उन्होंने स्वयंसेवियों को भी इस प्रशिक्षण से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया, ताकि आपदा के समय जरूरतमंदों की सहायता की जा सके। पूरन चंद ने भूकंप, बाढ़ और अन्य आपदाओं के दौरान क्या करना चाहिए और किन सावधानियों का पालन करना जरूरी है, इस बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सुरक्षित रहने के तरीकों पर भी प्रकाश डाला। आपदा की स्थिति में त्वरित सहायता के लिए उन्होंने डीडीएमए सोलन के दूरभाष नंबर 01792-220049 और 01792-220882 साझा किए। इसके साथ ही आपातकालीन सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1077 की जानकारी भी दी। मुख्य अतिथि कनिष्क शर्मा ने माई भारत के माध्यम से युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के साथ युवा गतिविधियों तथा सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम प्रभारी आचार्य सुरेश भारद्वाज ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवियों को आपदा प्रबंधन, सुरक्षा उपायों और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें