सोलन। सोलन के राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएनएस) और रेड रिबन क्लब ने रोटरी क्लब कसौली के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया। एमएमयू अस्पताल, कुमारहट्टी की चिकित्सा टीम ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर में लगभग 20 लोगों ने रक्तदान किया। महाविद्यालय के विद्यार्थियों, एनएनएस स्वयंसेवकों, अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) सदस्यों, प्राध्यापकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने भाग लिया। सेना के जवानों, स्थानीय लोगों और महाविद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों ने भी उत्साह दिखाया। सतीश नेगी, रामलाल भारद्वाज और जिला समन्वयक पंकज चांडक सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी रक्तदान किया। पंकज चांडक अब तक अपने जीवन में 23 बार रक्तदान कर चुके हैं। उनका यह कार्य सेवा भावना और सामाजिक प्रतिबद्धता दर्शाता है। महाविद्यालय की प्रधानाचार्य सुनीता गोयल ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान सामाजिक सेवा है। इसके माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है।