स्थानीय मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल के ड्रीम प्रोजेक्ट चंबाघाट-पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पैदल मार्ग और नाली निर्माण पर भाजपा सोलन मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित 1.20 मीटर चौड़ा पैदल मार्ग मौके पर लगभग 80 सेंटीमीटर रह गया है। नगर निगम की ओर से 75 लाख रुपये की लागत से बन रही नाली की उपयोगिता पर भी प्रश्नचिह्न लगा है। कहा कि नाली की संरचना इतनी संकरी है कि बारिश का पानी इसमें कैसे जाएगा, यह समझना मुश्किल है। इसे ऊपर से ढक दिया गया है, जिससे इसकी सफाई भी संभव नहीं दिखती। शैलेंद्र ने सवाल उठाया है कि यह 75 लाख रुपये की ड्रेनेज नाली है या जल संचयन परियोजना जनता के पैसे की बर्बादी को लेकर पीडब्ल्यूडी और नगर निगम से जवाब मांगा गया है। उन्होंने कहा कि पैदल मार्ग की प्रस्तावित चौड़ाई 1.20 मीटर थी, लेकिन मौके पर यह लगभग 80 सेंटीमीटर है। इससे पैदल चलने वालों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाएगा। 75 लाख रुपये की नाली करीब एक मीटर चौड़ी बताई गई थी, पर यह इतनी संकरी है कि पानी की निकासी पर संदेह है।