संवाद न्यूज एजेंसी, धर्मपुर (सोलन)। धर्मपुर में तीन दिवसीय जिलास्तरीय बॉयज अंडर-19 माइनर स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हो गया। इस प्रतियोगिता में अर्की ए ने वॉलीबाल और नालागढ़ ए ने कबड्डी में विजेता का खिताब जीता। अंकों के आधार पर पंजेहरा ब्लॉक ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि धर्मपुर ब्लॉक दूसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में जिलास्तर के छह जोन से कुल 546 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें धर्मपुर, अर्की, सोलन, कंडाघाट, रामशहर और पंजेहरा जोन के खिलाड़ी शामिल थे। विभिन्न स्पर्धाओं में वॉलीबाल, कबड्डी, कुश्ती, चेस, योगा, खो-खो और बैडमिंटन के मुकाबले हुए। जिला परिषद सदस्य धर्मपुर नेत्र अत्री ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। प्रतियोगिता की अध्यक्षता स्कूल प्रधानाचार्य धर्मवीर कौर ने की। मुख्य अतिथि नेत्र अत्री ने बच्चों को नशे से दूर रहने और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। उन्होंने धर्मपुर स्कूल को जिला परिषद निधि से एक लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को ग्यारह हजार रुपये दिए।