हिमाचल प्रदेश सरकार के जनसमस्याओं के समाधान के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत धर्मपुर विकास खंड की गुल्हाड़ी पंचायत में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें क्षेत्र की छह पंचायतों के लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं। कार्यक्रम में कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि एसडीएम कसौली महेंद्र प्रताप सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे हैं। विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां लगाई गईं कार्यक्रम के दौरान मुख्यातिथि विनोद सुल्तानपुरी ने विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से विभागों की योजनाओं और गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मातृवंदना के साथ की गई। इस दौरान छह पंचायतों से पहुंचे लोगों को अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन तथा संबंधित विभागों के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों तक प्रशासन और सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा उनकी समस्याओं का समाधान मौके पर करना है।