कसौली विधानसभा क्षेत्र के बोहली पंचायत स्थित जोहड़जी में चल रही दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले जारी हैं। दंगल मेला कमेटी माइयां जोहड़जी की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में अंडर-65 और ओपन वर्ग के मुकाबले करवाए जा रहे हैं। अंडर-65 वर्ग में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में बावा जोघों ने पठानकोट को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि जोहड़जी की टीम ने चंडीगढ़ को मात देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। अब फाइनल में बावा जोघों और जोहड़जी की टीमें आमने-सामने होंगी। अंडर-65 किलोग्राम वर्ग में विजेता टीम को 15 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, ओपन वर्ग में विजेता टीम को 25 हजार रुपये और उपविजेता को 15 हजार रुपये मिलेंगे। इस वर्ग में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 6,100 रुपये और चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 5,100 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।