बघाट बैंक में पिछले करीब 14 माह से कैपिंग लागू होने के कारण हजारों ग्राहक और कारोबारी परेशान हैं। बैंक से पैसे निकालने को लेकर सीमाएं लागू होने और बैंक के रिवाइव होने की उम्मीद के बीच अब कारोबारियों ने बैंक के विलय की मांग उठानी शुरू कर दी है। शहर के कारोबारी और व्यापार मंडल के पूर्व प्रधान मुकेश गुप्ता ने कहा कि बघाट बैंक में कैपिंग के कारण करीब 80 हजार ग्राहक परेशान हैं। पिछले एक साल से इस मामले में कोई ठोस निर्णय नहीं हो पा रहा है, जिससे ग्राहकों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि बैंक की रिकवरी भी नहीं हो पा रही है और बैंक को दोबारा पटरी पर लाने की दिशा में स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में अब सरकार को इस मामले में जल्द निर्णय लेना चाहिए। मुकेश गुप्ता ने मांग की कि बघाट बैंक का किसी अन्य बैंक में विलय किया जाए, ताकि लंबे समय से परेशान ग्राहकों को राहत मिल सके और उनकी जमा राशि को लेकर अनिश्चितता कम हो। उन्होंने कहा कि करीब 80 हजार ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए बैंक के भविष्य पर जल्द फैसला लेना जरूरी है।