पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में भर्ती 90 वर्षीय महिला को करीब दो घंटे तक ऑक्सीजन नहीं मिलने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि ऑक्सीजन सिलिंडर खत्म होने के बाद कई बार स्टाफ से सिलिंडर बदलने का आग्रह किया गया, लेकिन समय पर सुनवाई नहीं हुई। शिकायत करने पर स्टाफ नर्स की ओर से बदतमीजी करने और पुलिस बुलाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मामला गिरिपार क्षेत्र के बाईला-गुजोन गांव की मुंगा देवी से जुड़ा है। सांस लेने में दिक्कत के चलते उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कोड़गा पंचायत के उपप्रधान सियाराम शर्मा ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे ऑक्सीजन सिलिंडर खत्म हो गया था। परिजनों ने सिलिंडर बदलने के लिए स्टाफ से कई बार आग्रह किया, लेकिन शाम पांच बजे तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस दौरान महिला बिना ऑक्सीजन के तड़पती रही। सियाराम शर्मा के अनुसार, शाम पांच बजे दोबारा शिकायत करने पर स्टाफ नर्स ने कथित तौर पर बदतमीजी की और पुलिस बुलाने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1100 पर शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और ऑक्सीजन सिलिंडर बदला गया। घटना के बाद अन्य मरीजों के परिजनों में भी रोष है। लोगों ने अस्पताल प्रशासन से ऐसी लापरवाही की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राकेश प्रताप ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। यदि ऐसा हुआ है तो जानकारी जुटाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।