राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुरला में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन की शुरुआत उत्साह और अनुशासन के साथ हुई। सुबह एनएसएस स्वयंसेवियों ने शिक्षकों के साथ मिलकर क्षेत्र में प्रभात फेरी निकाली। प्रभात फेरी के माध्यम से स्वयंसेवियों ने लोगों को सेवा भावना, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया। इस दौरान स्वयंसेवी अनुशासन के साथ प्रभात फेरी में शामिल हुए। एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी मोहन लाल शर्मा ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि एनएसएस केवल सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों में जिम्मेदारी और सेवा की भावना विकसित होती है। उन्होंने स्वयंसेवियों को जीवन में अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी को अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रभात फेरी के बाद स्वयंसेवियों ने स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया। विद्यार्थियों ने श्रमदान करते हुए परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। शिविर के दौरान स्वयंसेवियों को सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में शामिल किया जा रहा है। विद्यालय में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर में कुल 25 स्वयंसेवी भाग ले रहे हैं। इनमें 13 छात्राएं और 12 छात्र शामिल हैं। शिविर के सात दिनों के दौरान विद्यार्थियों की ओर से सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता, श्रमदान और अन्य जनहित से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में एनएसएस अधिकारी मोहन लाल शर्मा, सहयोगी सतिन्द्र कौर और विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।