फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान बोले- शिलाई में भाजपा की बांटने वाली सोच को नहीं पनपने देंगे

Ankesh Dogra Updated Sun, 30 Aug 2026 05:55 PM IST

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने भाजपा पर जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया है। टिटियाना में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों और धर्मों के लोगों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि शिलाई में भाजपा की बांटने वाली सोच को पनपने नहीं दिया जाएगा। हर्षवर्धन चौहान ने आरोप लगाया कि पंचायती राज चुनाव के दौरान भाजपा ने शिलाई क्षेत्र में जातिगत आधार पर लोगों को बांटकर वोट हासिल करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि इसी वजह से कांग्रेस को जिला परिषद चुनाव में नुकसान उठाना पड़ा। उद्योग मंत्री ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य क्षेत्र के सभी लोगों को साथ लेकर विकास को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई दिशा देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। प्रत्येक गांव को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ने के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। मंत्री के अनुसार इन विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए करीब 400 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने दावा किया कि अधिकांश परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि शिलाई में करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से 100 बिस्तरों वाले आधुनिक नागरिक अस्पताल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। निर्माण पूरा होने के बाद अस्पताल को क्षेत्र की जनता को समर्पित किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। उद्योग मंत्री ने प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले प्रदेश सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया गया, लेकिन हिमाचल में यह सफल नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर विश्वास जताया है। जनसभा के दौरान मंत्री ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं और विकास संबंधी सुझाव सुने। विभिन्न पंचायतों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सड़क, पेयजल, विद्युत और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगें उनके समक्ष रखीं। इस अवसर पर मार्केटिंग कमेटी के अध्यक्ष सीता राम शर्मा, शिलाई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्याण धामटा, पंचायत समिति अध्यक्ष प्रियंका शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें