राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सैनवाला में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर में स्वयंसेवियों को टीबी रोग, प्राथमिक उपचार और आंखों की देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देकर स्वयंसेवियों को अपनी सेहत के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। शिविर में सीएचओ मोनिका ने स्वयंसेवियों को टीबी के लक्षणों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और बीमारी के लक्षण नजर आने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के महत्व से अवगत कराया। वहीं, हिमालयन कॉलेज कालाअंब की नर्सिंग प्रशिक्षुओं ने लघु नाटिकाओं के माध्यम से टीबी और प्राथमिक उपचार से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। नाटिकाओं के जरिए स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार की उपयोगिता को समझाया गया। इस गतिविधि का उद्देश्य स्वयंसेवियों को व्यावहारिक तरीके से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। इससे पूर्व नाहन मेडिकल कॉलेज से पहुंचे नेत्र चिकित्सक डॉ. मंदीप ने स्वयंसेवियों को आंखों की देखभाल के बारे में जानकारी दी थी। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आयूब खान, एनएसएस अधिकारी गगन कुमार सहित अन्य शिक्षक और स्वयंसेवी मौजूद रहे।