राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवियों ने शुक्रवार को विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया। सुबह स्वयंसेवियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय मार्ग से होते हुए प्रभातफेरी निकाली। इसके बाद स्कूल परिसर में लौटकर योग और ड्रिल गतिविधियों में भाग लिया। कार्यक्रम के तहत स्वयंसेवियों ने स्कूल के पिछले हिस्से सहित परिसर के विभिन्न स्थानों की सफाई की। इसके बाद शिक्षकों की देखरेख में स्वयंसेवी नजदीकी झांसी रानी पार्क पहुंचे। पार्क में स्वयंसेवियों ने झाड़ियां, अवांछित घास और कूड़ा-कर्कट हटाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थल को स्वच्छ रखने और आसपास सफाई बनाए रखने का संदेश दिया गया। सफाई अभियान की खास बात यह रही कि पार्क से एकत्रित जैविक कचरे का सदुपयोग किया गया। इस कचरे को विद्यालय की क्यारियों में खाद के रूप में डाला गया। इससे स्वच्छता के साथ-साथ जैविक कचरे के उचित इस्तेमाल के प्रति भी जागरूकता का संदेश मिला। इस अभियान के दौरान NSS कार्यक्रम अधिकारी सीमा रानी, अंजना चौहान और आंचल वर्मा सहित स्कूल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।