सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के वार्ड नंबर दो के लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बदहाल पड़े नाले के पुनर्निर्माण की मांग उठाई है। इस संबंध में स्थानीय लोगों का प्रतिनिधिमंडल मनीष जैन के नेतृत्व में उपायुक्त से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपकर समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को बताया कि 4 अगस्त को हुई भारी बारिश के दौरान पानी और मलबा लोगों के घरों में घुस गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार इसके बाद प्रशासन के समक्ष एनएच पर लंबे समय से खराब पड़े नाले को दुरुस्त करने की मांग रखी गई थी, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नाले के बीच बिजली का खंभा भी मौजूद है। इससे पानी की निकासी प्रभावित होने की आशंका रहती है। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मांग की कि नाले के पुनर्निर्माण के साथ-साथ बीच में लगे बिजली के खंभे को भी हटाने की व्यवस्था की जाए, ताकि जल निकासी सुचारु हो सके। वार्डवासियों ने कॉलेज के लिए बनाए गए नए सड़क मार्ग के कारण बंद हुए ड्रेनेज सिस्टम को दोबारा चालू करने की मांग भी रखी। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान पानी की निकासी बाधित होने से आसपास के घरों को नुकसान का खतरा बना रहता है। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से पूरे मामले में संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने और नाले के पुनर्निर्माण तथा ड्रेनेज व्यवस्था को जल्द ठीक करवाने का आग्रह किया है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन इस समस्या का स्थायी समाधान करेगा।