भाजपा हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी विक्रम वर्मा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस पर भ्रांतियां फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि देश में पहले भी आठ बार हो चुकी है। यह एक सांविधानिक प्रक्रिया है, जिसे राजनीतिक मुद्दा बनाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। वर्मा ने कहा कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूचियों से मृत व्यक्तियों के नाम हटाना और अन्य देशों के ऐसे नागरिकों के नाम सूची से बाहर करना है, जो मतदाता बनने के पात्र नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस इस प्रक्रिया को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रही है। राहुल गांधी के केंद्रीय एजेंसियों के 200 अधिकारियों के संपर्क में होने और उनसे अंदरूनी सूचनाएं मिलने संबंधी बयान पर भी वर्मा ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा है तो संबंधित मामले में कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए वर्मा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सरकारी हेलीकॉप्टर का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के कर से चलने वाले हेलीकॉप्टर का उपयोग जिम्मेदारी और सावधानी से किया जाना चाहिए।