ऐतिहासिक शहर नाहन एक बार फिर उत्सव के रंग में रंगने को तैयार है। पांचवां स्टेपको सिरमौर उत्सव-2026 12 से 18 सितंबर तक धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। सात दिवसीय उत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। चौगान मैदान में व्यापारियों ने दुकानें सजानी शुरू कर दी हैं और मेले में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ भी उमड़ने लगी है। उत्सव के दौरान 12 से 18 सितंबर तक प्रतिदिन विशाल मेले और प्रदर्शनियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। वहीं, 15 से 18 सितंबर तक सांस्कृतिक और खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इससे उत्सव के दौरान शहर में रौनक और बढ़ने की उम्मीद है। उत्सव के अंतिम दिन 18 सितंबर को भव्य स्टार नाइट आयोजित की जाएगी। इसमें बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक कमाल खान अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। उनके साथ प्रसिद्ध हिमाचली कलाकार मुसाफिर मनीष और प्रदेश के अन्य उभरते कलाकार भी प्रस्तुतियां देंगे। उत्सव के समापन समारोह और स्टार नाइट में नाहन के विधायक अजय सोलंकी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। वह विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित करेंगे। आयोजकों के अनुसार 15 सितंबर से सांस्कृतिक गतिविधियों का आगाज होगा। पहले दिन डांस प्रतियोगिता के साथ बेबी शो आयोजित किया जाएगा। 16 सितंबर को गायन और मॉडलिंग प्रतियोगिताएं होंगी। 17 सितंबर को मॉडलिंग प्रतियोगिता का दूसरा राउंड और ग्रैंड फिनाले होगा। खेल प्रेमियों के लिए भी खास इंतजाम उत्सव के अंतिम दिन 18 सितंबर को पावर लिफ्टिंग और बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। स्टेपको के अध्यक्ष रजित सिंह कंवर ने बताया कि खेल प्रतियोगिताओं के बाद शाम को स्टार नाइट का आयोजन होगा। इसमें कमाल खान, मुसाफिर मनीष समेत अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।