समूचे देश की तरह नाहन शहर में भी मंगलवार को देव दीपावली का पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस मौके पर शहर के ऐतिहासिक रानीताल तालाब में बड़ी संख्या में लोगों ने दीप प्रज्वलित किए। दीपों की सुनहरी रोशनी से रानीताल तालाब जगमगा उठा। देव दीपावली मनाने के लिए रानीताल में स्त्री-पुरुषों के साथ बच्चे और बुजुर्ग भी बड़ी संख्या में पहुंचे। लोगों ने खील-बताशे, अखरोट और मिठाइयों से पूजा-अर्चना की तथा दीप जलाकर सुख-समृद्धि की कामना की। शाम ढलते ही तालाब के आसपास दीपों की जगमगाहट ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। गौरतलब है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाई जाने वाली देव दीपावली को देवताओं की दीपावली भी कहा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन देवता पृथ्वी पर आकर दीपोत्सव मनाते हैं।