लोकतंत्र और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर सिरमौर जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को नाहन में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष आनंद परमार के नेतृत्व में कांग्रेस भवन में एकत्रित हुए। यहां से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आक्रोश रैली निकाली गई। कांग्रेस भवन से शुरू हुई रैली उपायुक्त कार्यालय तक पहुंची। इसमें नाहन के विधायक अजय सोलंकी भी शामिल हुए। डीसी कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना दिया और चुनाव प्रक्रिया तथा मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ भी नारेबाजी की। धरना समाप्त होने के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर धरने और विरोध पर डटे रहे। नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि कांग्रेस के अनुसार लोकतंत्र की बुनियाद मताधिकार पर प्रहार किया गया है। उन्होंने करीब 13 करोड़ मतदाताओं के अधिकारों से वंचित किए जाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले ही ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का मुद्दा उठा चुके हैं और कांग्रेस इन आरोपों को लेकर देशभर में आवाज उठा रही है। अजय सोलंकी ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ी के आरोप भी लगाए। उन्होंने दावा किया कि राजनीतिक दबाव में वैध मतदाताओं के नाम हटाए गए और फर्जी वोट बनाए गए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद परमार और विधायक अजय सोलंकी ने बताया कि पार्टी की ओर से राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया है। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। प्रदर्शन में प्रदेश प्रवक्ता उषा तोमर, जिला प्रवक्ता कैप्टन सलीम अहमद, कांग्रेस नेत्री दयाल प्यारी, पार्षद कपिल गर्ग उर्फ मोंटी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।