लघु उद्योग भारती की कालाअंब इकाई ने सामाजिक सरोकारों के तहत एंबुलेंस सेवा शुरू की है। बुधवार को राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने समारोह में एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) क्षेत्र विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएगा। उद्योगों को आर्थिक विकास के साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करना चाहिए। राज्यपाल ने बताया कि देश में 7.47 करोड़ से अधिक पंजीकृत एमएसएमई इकाइयां 32 करोड़ से ज्यादा लोगों को रोजगार देने में योगदान कर रही हैं। केंद्र सरकार प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और ऋण गारंटी योजना के माध्यम से उद्यमियों को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र की निवेश और रोजगार की संभावनाओं का भी उल्लेख किया। इससे पहले लघु उद्योग भारती कालाअंब इकाई के अध्यक्ष अखिल महेश्वरी ने राज्यपाल का स्वागत करते हुए औद्योगिक क्षेत्र की समस्याएं उठाईं। राज्यपाल ने बताया कि सड़क के शून्य से दो किलोमीटर हिस्से के लिए 65 लाख रुपये और दो से चार किलोमीटर हिस्से के सुधार के लिए 1.25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को आवश्यक निर्देश देने की बात कही। समारोह में राज्यपाल ने विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए और क्षेत्र के पंचायत प्रधानों को सम्मानित किया। इस अवसर पर राज्यपाल की पत्नी बिंदु गुप्ता, अश्वनी गर्ग, मनोज गर्ग, केसी पारिख, डॉ. दान सिंह, राजेश भालोटिया, राजीव तिवारी, अतिरिक्त उपायुक्त एकता काप्टा, एसडीएम नाहन राजीव संख्यान, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रचित शर्मा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी पवन शर्मा, जिला लोक संपर्क अधिकारी ममता नेगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार, डीएसपी मुख्यालय शक्ति सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।