डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन में शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) की अंतर-महाविद्यालय पुरुष बैडमिंटन चैंपियनशिप का आगाज हुआ। उद्घाटन मुकाबलों में राजकीय महाविद्यालय ऊना और राजकीय महाविद्यालय झुखाला की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकतरफा जीत दर्ज की और अगले दौर में प्रवेश किया। चैंपियनशिप का पहला मुकाबला राजकीय महाविद्यालय ऊना और राजकीय महाविद्यालय रामपुर के बीच खेला गया। इसमें ऊना के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी। बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए ऊना की टीम ने रामपुर को 3-0 से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय झुखाला का सामना राजकीय संस्कृत महाविद्यालय नाहन से हुआ। झुखाला की टीम ने भी शानदार प्रदर्शन किया और संस्कृत महाविद्यालय नाहन को सीधे 3-0 से हराकर प्रतियोगिता में विजयी शुरुआत की। तीन दिवसीय अंतर-महाविद्यालय पुरुष बैडमिंटन चैंपियनशिप 22 नवंबर तक चलेगी। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के विभिन्न महाविद्यालयों की टीमें खिताब जीतने के लिए मुकाबला कर रही हैं। इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के डीन प्रो. बीके शिवराम ने किया। प्रतियोगिता के आयोजन से महाविद्यालय परिसर में खेल गतिविधियों का माहौल बना हुआ है और विभिन्न कॉलेजों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं।