राजकीय प्राथमिक पाठशाला प्रेमनगर में प्री दीपावली सेलिब्रेशन के तहत कबाड़ से जुगाड़ गतिविधि का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने अध्यापिका सृष्टि शर्मा के मार्गदर्शन में घर और स्कूल में उपलब्ध अनुपयोगी सामान से दीपावली पूजन के लिए आकर्षक दीये, थालियां, तोरण और रंगोली तैयार की। गतिविधि के दौरान बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य प्राथमिक स्तर से ही बच्चों में रचनात्मकता, कौशल और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना था। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया गया। अध्यापिका सृष्टि शर्मा ने बताया कि बच्चों को इस तरह की गतिविधियों के माध्यम से प्रारंभिक स्तर से ही व्यावहारिक एवं व्यावसायिक शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उन्हें भारतीय संस्कृति और पारंपरिक त्योहारों से जुड़ी वस्तुओं के निर्माण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पाठशाला प्रभारी मायाराम शर्मा ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों की क्षमताओं का विकास होता है और गुणात्मक शिक्षा को बढ़ावा मिलता है। इससे बच्चों को प्राचीन एवं पारंपरिक त्योहारों के महत्व की भी जानकारी मिलती है। उन्होंने बताया कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला प्रेमनगर में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए वर्षभर इस तरह की गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।