बाल दिवस के अवसर पर नाहन के कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में शनिवार को विशेष आयोजन किया गया। खास बात यह रही कि अवकाश होने के बावजूद स्कूल के द्वार बच्चों और शिक्षकों के लिए खोले गए। प्रधानाचार्य सिस्टर शाइनी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकों ने विद्यार्थियों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने फिल्मी गीतों की धुन पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। इस दौरान सभी ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को याद किया और बाल दिवस के महत्व को साझा किया। इस बार बाल दिवस समारोह में एक खास पहल भी देखने को मिली। आमतौर पर स्कूल की प्रार्थना सभा का संचालन विद्यार्थी करते हैं, लेकिन इस बार शिक्षकों ने स्वयं इसकी जिम्मेदारी संभाली। शिक्षक गुलशन अहमद ने प्रार्थना सभा का शुभारंभ किया। इसके बाद सभी शिक्षकों ने एक सुर में सामूहिक प्रार्थना की और विद्यार्थियों के सुखद भविष्य तथा उज्ज्वल जीवन की कामना की। शिक्षकों की ओर से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम ने बाल दिवस को यादगार बना दिया। अवकाश के दिन भी स्कूल पहुंचकर शिक्षकों ने बच्चों के प्रति अपने स्नेह और समर्पण का परिचय दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामूहिक प्रार्थना के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया।