नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूकता फैलाने और युवा पीढ़ी को इसके दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को नोगली बाजार में जागरूकता रैली निकाली गई। भड़ावली पंचायत और रानी रत्न कुमारी राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नोगली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यार्थियों और महिलाओं ने चिट्टा तथा अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ नारे लगाकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भड़ावली पंचायत के प्रधान कृष्ण गोपाल ने की। इस दौरान वन मंडलाधिकारी रामपुर गुरहर्ष सिंह और कलेडा-मझेवटी के प्रधान अश्वनी शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। वन मंडलाधिकारी गुरहर्ष सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से नशे से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता की शुरुआत बचपन से होनी चाहिए। विद्यार्थी स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने मित्रों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों को जीवन में प्राथमिकता देना जरूरी है। पंचायत प्रधान कृष्ण गोपाल ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई किसी एक व्यक्ति या विभाग की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। पंचायत, विद्यालय, अभिभावक और प्रशासन मिलकर ही इस बुराई पर अंकुश लगा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भड़ावली पंचायत क्षेत्र में चिट्टे के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ संबंधित विभागों को सूचित कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करवाई जाएगी। नशे के अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशा परिवार और समाज को भी करता है प्रभावित कलेडा-मझेवटी के प्रधान अश्वनी शर्मा ने कहा कि चिट्टा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की खुशियों और आर्थिक स्थिति को प्रभावित करता है। नशे की गिरफ्त में आए लोगों को सही मार्गदर्शन और उपचार मिलना चाहिए, जबकि युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले अवैध कारोबारियों के खिलाफ समाज को एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की असली पहचान उनकी शिक्षा, प्रतिभा और मेहनत से बननी चाहिए। ऐसे जागरूकता अभियान गांव-गांव और प्रत्येक विद्यालय तक पहुंचाने की जरूरत है। इस मौके पर प्रधानाचार्य दिनेश भलूनी, उपप्रधान बुद्धि सिंह, सुदेश कौशिक और राम देष्टा सहित विभिन्न महिला मंडलों और व्यापार मंडल नोगली के प्रतिनिधियों सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण और बच्चों को नशे से बचाने के लिए मिलकर प्रयास करने का संकल्प लिया।