जिला स्तरीय सराहन दशहरा मेले की स्टार नाइट हिमाचली लोकगीतों के नाम रही। हिमाचली लोकगायक कुलदीप शर्मा, बीरबल मुसाफिर और रमना भारती की प्रस्तुतियों पर दर्शक खूब झूमे। सराहन पंचायत के सौजन्य से आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में लोकगीतों ने समां बांध दिया और दर्शकों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम में राजमाता एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। पंचायत प्रधान सोहन पांटू ने मुख्य अतिथि सहित अन्य गणमान्य अतिथियों का भव्य स्वागत किया। स्टार नाइट के दौरान मिस शोणितपुर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र की कई युवतियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कशिश नेगी को विजेता चुना गया। वहीं, प्रियंका नेगी फर्स्ट रनरअप और मुस्कान सेकंड रनरअप रहीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सौंदर्य प्रतियोगिता ने स्टार नाइट को खास बना दिया। लोकगायकों के गीतों और प्रतिभागियों के प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।