रामपुर बुशहर। रायशरण में हुए बस हादसे की जांच रिपोर्ट दो सप्ताह के भीतर तैयार की जाएगी। रामपुर में आयोजित बैठक के दौरान एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने नोगवैली के ग्रामीणों को यह आश्वासन दिया। प्रशासन के साथ आयोजित बैठक में नोग वैली के लोगों ने अपनी विभिन्न मांगे और समस्याएं रखी। ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा और सुरक्षित परिवहन की सुविधा देने का मामला प्रमुखता से उठाया। नोग युवक मंडल डंसा, पंचायत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से हादसे की निष्पक्ष जांच करवाने, खस्ताहाल बसों के संचालन पर रोक लगाने और दुर्घटना संभावित सड़कों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। बुधवार को एसडीएम रामपुर की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं और मुद्दों पर चर्चा की गई। राय-शरण में हुए दर्दनाक बस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। इस घटना ने प्रभावित परिवारों के साथ पूरे नोग क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में लोग रोजमर्रा के आवागमन के लिए सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर हैं। ऐसे में बसों की तकनीकी स्थिति, सड़कों की खराब हालत और सुरक्षा उपायों की कमी यात्रियों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।