निरमंड (कुल्लू)। लूहरी हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने की मांग उठी है। ग्राम पंचायत नित्थर के प्रधान प्रवीण कुमार ने परियोजना प्रबंधन से क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को भर्ती में प्राथमिकता देने और जल्द रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है। प्रवीण कुमार ने कहा कि लूहरी हाइड्रो प्रोजेक्ट क्षेत्र की महत्वपूर्ण परियोजना है। ऐसे में परियोजना प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कई युवा रोजगार की उम्मीद लगाए बैठे हैं, इसलिए उनकी अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय युवाओं को उचित प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने परियोजना प्रबंधन से मांग की कि परियोजना में उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी संबंधित पंचायतों के साथ साझा की जाए, ताकि पात्र युवा समय पर आवेदन कर सकें। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने से क्षेत्र के लोगों को भी परियोजना का लाभ मिल सकेगा। प्रवीण कुमार ने परियोजना प्रबंधन से इस दिशा में जल्द सकारात्मक कदम उठाकर स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने की मांग की।