ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विकासखंड नारकंडा की ग्राम पंचायत कोटिघाट में बुधवार को निक्षय शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग कुमारसैन की टीम ने शिविर के दौरान ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की और जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाइयां वितरित कीं। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों के एक्स-रे, ब्लड प्रेशर (बीपी), शुगर और बुखार सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचें कीं। जांच के बाद जिन मरीजों को दवाइयों की आवश्यकता थी, उन्हें आवश्यक दवाइयां निशुल्क उपलब्ध करवाई गईं। इस पहल से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य जांचों की सुविधा मिली। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को बीमारियों के प्रति जागरूक किया। टीम ने बताया कि नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने से कई बीमारियों का शुरुआती चरण में पता लगाया जा सकता है। समय पर बीमारी की पहचान होने से उपचार शुरू करने में मदद मिलती है। निक्षय शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाई गई। ग्राम पंचायत कोटिघाट के प्रधान चूड़ा ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले कई लोग दूरी और अन्य कारणों से समय पर स्वास्थ्य जांच नहीं करवा पाते हैं। ऐसे में पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित होने से लोगों को घर के नजदीक ही जांच और उपचार की सुविधा मिलती है। इससे ग्रामीणों को अस्पतालों के चक्कर लगाने से भी राहत मिलती है। पंचायत प्रधान ने स्वास्थ्य विभाग का आभार जताते हुए आग्रह किया कि भविष्य में भी पंचायत और आसपास के क्षेत्रों में ऐसे शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।