पीजी कॉलेज रामपुर के पाटबंगला मैदान में बुशहर प्रीमियर लीग (बीपीएल) क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांच शुरू हो गया है। बुशहर स्वास्तिक सोसायटी की ओर से दिवंगत वीरभद्र सिंह की स्मृति में आयोजित इस क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ कुमारसैन-ठियोग विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने किया। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित की जा रही इस प्रतियोगिता में लेदर बॉल से मुकाबले खेले जा रहे हैं। प्रतियोगिता में विजेता टीम को छह लाख रुपये और ट्रॉफी से नवाजा जाएगा। वहीं उपविजेता टीम को तीन लाख रुपये नकद राशि और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। आकर्षक इनामी राशि के चलते प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। वहीं प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आकर्षक इनामों से पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता में 12 टीमों के खिलाड़ी प्रतिभा के जौहर दिखाएंगे, जिसमें प्रदेश भर के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर बुशहर स्वास्तिक सोसायटी के अध्यक्ष पवन चौहान सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यातिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। पवन चौहान ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र में क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ ही खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना और दिवंगत वीरभद्र सिंह की स्मृति को संजोए रखना है।प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्यातिथि विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने सोसायटी की प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समय समय पर होने चाहिए, ताकि युवा खिलाड़ियों को प्रतिभा निखारने के लिए मंच मिल सके। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामपुर लाल चंद शर्मा, अधिवक्ता डीडी कश्यप, बृज लाल, रोनी राणा, अनुराधा, अजय राणा, नितिश भंडारी सहित कई अन्य मौजूद रहे।