हिमाचल प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का अच्छा अवसर सामने आया है। मोहाली स्थित प्रोटैक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा कस्टमर केयर सेंटर और बीपीओ सेवाओं के लिए कुल 320 पदों पर भर्ती की जा रही है। इन पदों के लिए इच्छुक महिला और पुरुष उम्मीदवार 12 और 13 नवंबर को आयोजित होने वाले साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया के तहत हिंदी भाषा पर अच्छी पकड़ रखने वाले उम्मीदवारों के लिए 300 पद निर्धारित किए गए हैं, जबकि अंग्रेजी भाषा में अच्छी पकड़ रखने वाले युवाओं के लिए 20 पद रखे गए हैं। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। कंपनी फ्रेशर और अनुभवी दोनों तरह के उम्मीदवारों को नौकरी का अवसर प्रदान कर रही है। जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि हिंदी भाषी उम्मीदवारों के लिए अधिकतम 16,000 रुपये प्रतिमाह और अंग्रेजी भाषी उम्मीदवारों के लिए 16,000 से 18,000 रुपये प्रतिमाह सीटीसी वेतन निर्धारित किया गया है। चयनित उम्मीदवारों को मोहाली स्थित कंपनी के कार्यालय में कार्य करना होगा। नौकरी का समय सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। भर्ती के लिए आवेदक का नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, उनकी छायाप्रतियां, पासपोर्ट साइज फोटो और रोजगार पंजीकरण पत्र साथ लेकर साक्षात्कार में पहुंचना होगा। साक्षात्कार का आयोजन 12 नवंबर को जिला रोजगार कार्यालय मंडी और 13 नवंबर को उप-रोजगार कार्यालय सुंदरनगर में किया जाएगा। दोनों स्थानों पर साक्षात्कार सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगे। जिला रोजगार अधिकारी ने स्पष्ट किया कि साक्षात्कार में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता (टीए) नहीं दिया जाएगा। भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 पर संपर्क किया जा सकता है।