फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी के पायलटों का पैराग्लाइडिंग प्री-वर्ल्ड कप में दबदबा, मोहर सिंह ने जीता स्वर्ण; टीम बनी ओवरऑल चैंपियन

मनाली के सोलंगनाला में आयोजित एक्यूरेसी प्री-वर्ल्ड कप में मंडी जिले के पैराग्लाइडिंग पायलटों ने शानदार प्रदर्शन किया है। प्रतियोगिता में सराज क्षेत्र की स्पेणीधार पैराग्लाइडिंग साइट के पायलटों ने पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, मंडी टूरिज्म की टीम ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। बुधवार को विजेता खिलाड़ियों के मंडी पहुंचने पर पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग की ओर से उनका स्वागत किया गया। चार दिवसीय प्रतियोगिता में स्पेणीधार के पायलट मोहर सिंह ने 26 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। इसी साइट के अक्षय कुमार दूसरे स्थान पर रहे, जबकि नेपाल के अमन थापा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में करीब 45 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विजेता टीम के मंडी पहुंचने पर पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के उपनिदेशक रजनीश शर्मा ने खिलाड़ियों को हिमाचली टोपी पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान टीम ने ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी उन्हें सौंपी। विजेता टीम में मोहर सिंह, अक्षय कुमार, मनीष और चितर सिंह शामिल रहे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से मंडी जिले में पैराग्लाइडिंग और साहसिक खेलों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। स्पेणीधार पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के सचिव निर्मल सिंह ने प्रतियोगिता में सहयोग के लिए पर्यटन विभाग का आभार जताया। उन्होंने मंडी जिले में पैराग्लाइडिंग सहित अन्य साहसिक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं को बढ़ावा देने की मांग उठाई। पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के उपनिदेशक रजनीश शर्मा ने बताया कि मंडी जिले में फिलहाल तीन स्थानों पर पैराग्लाइडिंग गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। स्पेणीधार में पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पेणीधार में भी पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जाएंगी। विभाग की ओर से भविष्य में जिले में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के प्रयास किए जाएंगे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें