छोटी काशी मंडी में मांडव्य ऋषि की तपोस्थली और धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को समर्पित सात दिवसीय मांडव्य उत्सव का मंगलवार को भव्य आगाज हुआ। नगर निगम मंडी की ओर से आयोजित इस उत्सव की शुरुआत शोभायात्रा के साथ हुई। इस दौरान शहर में मांडव्य ऋषि के जयकारे गूंजे और माहौल भक्तिमय हो गया। वर्ष 2024 में शुरू हुए इस उत्सव का आयोजन इस बार तीसरी बार किया जा रहा है। आगामी सात दिनों तक यहां विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा। उत्सव के शुभारंभ पर नगर निगम की महापौर सुमन ठाकुर ने पार्षदों और निगम अधिकारियों के साथ सबसे पहले राज माधो राय मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद बाबा भूतनाथ मंदिर में माथा टेककर शोभायात्रा शुरू की गई। शोभायात्रा शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए ब्यास नदी के तट पर स्थित मांडव शिला पहुंची। यहां विधिवत हवन-पूजन किया गया। इसके बाद भजन-कीर्तन के माध्यम से मांडव्य ऋषि का स्मरण किया गया और सुख-समृद्धि की कामना की गई। कार्यक्रम में मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा भी विशेष रूप से शामिल हुए। विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि नगर निगम ने तीन वर्ष पहले इस आयोजन की शुरुआत की थी। गुरु नानक जयंती के अवसर पर हर वर्ष आयोजित होने वाला यह उत्सव मंडी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी यह आयोजन लगातार जारी रहेगा, जिससे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा। पूर्व पार्षद राजेंद्र मोहन ने बताया कि वर्ष 2024 में तत्कालीन महापौर वीरेंद्र भट्ट ने मांडव्य उत्सव की परिकल्पना रखी थी। इसके बाद नगर निगम सदन ने सर्वसम्मति से आयोजन का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि छोटी काशी मंडी को मांडव्य ऋषि की तपोस्थली के रूप में जाना जाता है, लेकिन उनकी स्मृति में कोई विशेष आयोजन नहीं होता था। इसी उद्देश्य से उत्सव शुरू किया गया। स्थानीय निवासी हरीश वैद्य ने कहा कि मांडव्य उत्सव को लेकर शहरवासियों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। ऐसे आयोजनों से मंडी की धार्मिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलती है। उत्सव में लोगों की बढ़ती भागीदारी इसे और व्यापक बना रही है।