फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी: जोगिंदर नगर में होंगी 10 खेल प्रतियोगिताएं, चिट्टा मुक्त अभियान में फुटबॉल-बास्केटबॉल भी शामिल

युवाओं को नशे, विशेषकर चिट्टे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से उपमंडल जोगिंदर नगर में खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान के तहत 10 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। अभियान की तैयारियों को लेकर एसडीएम जोगिंदर नगर मनीश चौधरी की अध्यक्षता में संबंधित विभागों की बैठक हुई। बैठक में एसडीएम ने बताया कि अभियान के तहत पहले से निर्धारित आठ खेलों के साथ अब फुटबॉल और बास्केटबॉल को भी शामिल किया गया है। इस तरह उपमंडल में क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, एथलेटिक्स, कुश्ती, हॉकी, रस्साकशी, फुटबॉल और बास्केटबॉल की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला और पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। इच्छुक खिलाड़ी खेलो हिमाचल पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 तय की गई है। खिलाड़ी एक से अधिक खेलों में हिस्सा लेने के लिए भी पंजीकरण कर सकते हैं। एसडीएम ने बताया कि कबड्डी, वॉलीबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिताओं में उपमंडल स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 41 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसी तरह जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए क्रमशः 2 लाख, 1.50 लाख और 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। राज्य स्तर पर विजेताओं को क्रमशः 31 लाख, 15 लाख और 10 लाख रुपये दिए जाएंगे। एसडीएम मनीश चौधरी ने संबंधित विभागों और शिक्षण संस्थानों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें खेलों के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि चिट्टा मुक्त हिमाचल के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें