मंडी-पठानकोट हाईवे पर ढेलू के समीप मंगलवार दोपहर बाद तेज रफ्तार लग्जरी कार की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश में जिले भर में नाकाबंदी कर दी है। मृतका की पहचान रुकमणी (58) और घायल की पहचान उसके पति जय सिंह (62), निवासी ढेलू हार, जोगिंद्रनगर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दंपती मंगलवार को लदरूहीं के समीप रिश्तेदार के घर गए थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे दोनों स्कूटी पर घर लौट रहे थे। ढेलू के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार लग्जरी कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में रुकमणी के सिर पर गंभीर चोट लगी, जबकि जय सिंह के शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। खून से लथपथ रुकमणी को हारगुनैण पंचायत के प्रधान मुकेश ने जोगिंद्रनगर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि हादसे में महिला की मौत हुई है और घायल का उपचार चल रहा है। फरार कार चालक को पकड़ने के लिए जिला भर में नाकाबंदी की गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।