फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी: धर्मपुर में आवारा कुत्ते का आतंक, दो दिन में 13 लोगों पर हमला; एसडीएम के नेतृत्व में रेस्क्यू अभियान

धर्मपुर बाजार और आसपास के क्षेत्रों में एक आवारा कुत्ते के आतंक से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लगातार लोगों पर हमला कर रहे इस कुत्ते को पकड़ने के लिए प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया है। एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल की अध्यक्षता में पुलिस दल, फायर ब्रिगेड और नगर पंचायत धर्मपुर की टीमें कुत्ते की तलाश में जुटी हुई हैं। हालांकि, मंगलवार तक रेस्क्यू टीमों को कुत्ते को पकड़ने में सफलता नहीं मिल पाई थी। जानकारी के अनुसार, सोमवार को कुत्ते ने अलग-अलग स्थानों पर करीब 10 लोगों को अपना निशाना बनाया। हमले में घायल लोगों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल धर्मपुर पहुंचाया गया। इनमें से दो लोगों की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें अन्य अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया। मंगलवार को भी कुत्ते ने तीन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। तीनों घायलों को नागरिक अस्पताल धर्मपुर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। लगातार दूसरे दिन हमले होने से क्षेत्र में भय का माहौल और गहरा गया है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने कुत्ते को जल्द पकड़ने के लिए विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें मैदान में उतार दी हैं। पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड और नगर पंचायत धर्मपुर की टीम बाजार तथा आसपास के संभावित स्थानों पर कुत्ते की तलाश कर रही है। रेस्क्यू टीम कुत्ते की गतिविधियों पर नजर रख रही है और उसके संभावित ठिकानों को खंगाला जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि कुत्ते को जल्द पकड़कर किसी अन्य व्यक्ति को हमले का शिकार बनने से बचाया जा सके। एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल ने कहा कि मामले की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमों को सक्रिय कर दिया गया था। पुलिस, फायर ब्रिगेड और नगर पंचायत की टीमें लगातार कुत्ते को पकड़ने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कुत्ते को जल्द पकड़कर लोगों को राहत पहुंचाई जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से सतर्क रहने और कुत्ते को देखते ही उसके पास न जाने की अपील की है। लोगों को खुद कुत्ते को पकड़ने का प्रयास नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे हमले का खतरा बढ़ सकता है। लगातार दो दिनों में 13 लोगों पर हमला होने के बाद स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन की रेस्क्यू टीमों पर टिकी हुई है। लोगों का कहना है कि बाजार और आसपास के क्षेत्रों में डर का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से आवारा कुत्ते को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। कुत्ते के पकड़े जाने के बाद ही क्षेत्रवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें