आईटीआई पास बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए देश की प्रतिष्ठित कंपनी ब्लू स्टार इंडिया लिमिटेड में रोजगार पाने का सुनहरा अवसर है। कंपनी विभिन्न श्रेणियों में 200 पदों पर भर्ती करने जा रही है। इसके लिए जिला मंडी में 27 और 28 नवंबर को साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। पहले दिन 27 नवंबर को जिला रोजगार कार्यालय मंडी और 28 नवंबर को उप रोजगार कार्यालय सरकाघाट में अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कंपनी की ओर से पीएमआईएस ट्रेनी, अप्रेंटिसशिप और फिक्स्ड टर्म ऑपरेटर के पदों पर फ्रेशर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए इलेक्ट्रीशियन, फिटर, वेल्डर, रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग, मोटर मैकेनिक, टर्नर, पंप ऑपरेटर और इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड में आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। भर्ती प्रक्रिया में युवक और युवतियां दोनों भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की काला अंब स्थित विनिर्माण इकाई, जिला सिरमौर में काम करने का अवसर मिलेगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि पीएमआईएस ट्रेनी और अप्रेंटिसशिप पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों को 16 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा, जबकि फिक्स्ड टर्म ऑपरेटर के पद पर चयनित होने वालों को 20,800 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। इसके अतिरिक्त कंपनी की ओर से रियायती दरों पर भोजन, निशुल्क चाय-नाश्ता, दो यूनिफॉर्म और कार्य की आवश्यकता के अनुसार सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। साक्षात्कार में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आईटीआई का विस्तृत अंक प्रमाण पत्र, इनकी एक-एक छायाप्रति, दो पासपोर्ट आकार के फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पैन कार्ड, रोजगार कार्यालय पंजीकरण पत्र और नवीनतम बायोडाटा साथ लाना होगा। साक्षात्कार निर्धारित तिथियों को सुबह 10:30 बजे शुरू होंगे। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 या कंपनी के प्रतिनिधि के मोबाइल नंबर 96500-74838 पर संपर्क कर सकते हैं।