फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी में जगत सिंह नेगी का पुतला फूंकने पर पुलिस-भाजयुमो कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की, बर्खास्तगी की मांग

विधानसभा के अंदर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की ओर से भारतीय सेना के प्रति की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को भाजपा युवा मोर्चा जिला मंडी ने प्रदर्शन किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना दिया और इसके बाद शहर में रैली निकालकर अपना विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान मंत्री का पुतला भी जलाया गया। भाजयुमो ने मुख्यमंत्री से जगत सिंह नेगी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने सेना के सम्मान और स्वाभिमान के समर्थन में नारेबाजी करते हुए मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जब जगत सिंह नेगी का पुतला जलाया तो पुलिसकर्मी उसे बुझाने के लिए मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पानी डालकर जलते हुए पुतले को बुझाने का प्रयास किया। इस पर कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया और देखते ही देखते पुलिस तथा भाजयुमो कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कुछ समय तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी जारी रखी और पुतला बुझाने के पुलिस के प्रयास का विरोध किया। भाजयुमो जिला अध्यक्ष योगराज डोगरा के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष निहाल चंद, जिला महामंत्री कर्ण कौंडल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर एकत्रित होकर धरना दिया और बाद में मंडी शहर में रैली निकाली। भाजपा जिला अध्यक्ष निहाल चंद ने कहा कि भारतीय सेना देश की सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक है। सेना के जवानों के सम्मान से जुड़ी किसी भी टिप्पणी को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार से राजस्व मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें