लंबित मांगों को लेकर हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति जिला कुल्लू का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। धरने के छठे दिन पेंशनरों ने सरकार के प्रति नाराजगी जताते हुए मांगों के जल्द समाधान की अपील की। समिति के सदस्यों का कहना है कि लंबे समय से मांगें उठाने के बावजूद सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे पेंशनरों में असंतोष बढ़ रहा है। संयुक्त संघर्ष समिति ने अब आंदोलन को प्रदेश स्तर पर तेज करने का फैसला लिया है। समिति के आह्वान पर कुल्लू जिले के पेंशनर बुधवार से धर्मशाला के तपोवन के लिए रवाना होंगे। यहां 19 नवंबर को विधानसभा का घेराव कर सरकार के सामने अपनी मांगें रखेंगे। इस प्रदर्शन में कुल्लू जिले से करीब 300 पेंशनरों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। प्रदेश के अन्य जिलों से भी पेंशनर धर्मशाला पहुंचकर आंदोलन में भाग लेंगे। संयुक्त संघर्ष समिति के जिला प्रधान इंद्र दत्त शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अभी तक विभिन्न पेंशनर संगठनों की मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं की है। पेंशनर लंबे समय से अपने अधिकारों और लंबित मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुल्लू में मंगलवार को छठे दिन भी धरना जारी रखा गया। जब तक पेंशनरों की मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।