दिवाली पर रोशनी और आतिशबाजी के बीच कुल्लू जिले के जंगलों में आग की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी। दिवाली की रात से लेकर सोमवार तक अलग-अलग क्षेत्रों में जंगलों में आग लगती रही। कहीं आतिशबाजी तो कहीं पटाखों से निकली चिंगारियों के कारण जंगलों में आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। कई स्थानों पर आग की लपटें दूर से दिखाई देती रहीं। जिला मुख्यालय के साथ लगते सुल्तानपुर के पीछे दिवाली की रात जंगल में आग लग गई। इससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया और उसे बुझाने में सफलता हासिल की। वहीं, भेखली जंगल के साथ लगते पीज, खोखण और दियार क्षेत्रों में रातभर आग सुलगती रही। जंगलों में लगातार उठती लपटों से आसपास के क्षेत्रों में चिंता बनी रही। सोमवार सुबह महाराजा घाटी के विभिन्न क्षेत्रों में भी जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इसके अलावा दोपहर करीब एक बजे कुल्लू-भुंतर सड़क के किनारे टीकरा बाबड़ी में बाबा बालक नाथ मंदिर के साथ लगते क्षेत्र में भी आग भड़क उठी। घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दिवाली के दौरान जिले के कई वन क्षेत्रों में आग लगने की घटनाओं ने एक बार फिर जंगलों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। आतिशबाजी के दौरान बरती गई लापरवाही वन संपदा के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है।