सांसद कंगना रणाैत ने सोमवार को कुल्लू में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में जिले में बढ़ते नशे के मामलों को लेकर पुलिस प्रशासन पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि युवाओं का नशे की गिरफ्त में आना पुलिस प्रशासन की बड़ी नाकामी है। सांसद ने पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस को नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबारियों को गिरफ्तार करने के साथ ही नियमानुसार उनकी संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई भी की जानी चाहिए। कंगना रणाैत ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ ऐसी प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे नशे के धंधे में उतरने वालों में कानून का डर पैदा हो। उन्होंने कहा कि कुल्लू शहर और आसपास के क्षेत्रों में नशे की सप्लाई और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना जरूरी है। सांसद ने पुलिस अधिकारियों को नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए पुलिस प्रशासन, स्थानीय प्रशासन और समाज को मिलकर प्रयास करने होंगे।