फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वीडियो: ज्वालामुखी मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, बैग और पानी की बोतल ले जाने पर रोक

शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में गत गुरुवार शाम श्रद्धालु की ओर से खुद को आग लगाने की घटना के बाद मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है। घटना में श्रद्धालु की मौत के बाद मंदिर प्रशासन और मंदिर न्यास ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंदिर की गरिमा को ध्यान में रखते हुए अब मंदिर के भीतर बैग, पानी की बोतल और अन्य संदिग्ध अथवा ज्वलनशील सामग्री ले जाने पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने घटना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा इंचार्ज को कारण बताओ नोटिस जारी कर घटना के संबंध में जवाब मांगा है। इसके साथ ही मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। ज्वालामुखी के एसडीएम एवं मंदिर सह आयुक्त डॉ. संजीव शर्मा ने कहा कि श्री ज्वालामुखी मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है। मंदिर परिसर में इस प्रकार की घटना होना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि मंदिर प्रशासन और मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि अब मंदिर में प्रवेश से पहले श्रद्धालुओं और उनके सामान की जांच की जाएगी। मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षा कर्मी जांच के बाद ही श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश देंगे। मंदिर परिसर में बैग, प्लास्टिक की बोतलें और पानी की बोतलें ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। श्रद्धालुओं को अपना सामान निर्धारित स्थान पर जमा करवाना होगा। मंदिर प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करने का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना और मंदिर की पवित्रता एवं गरिमा को बनाए रखना है। आने वाले दिनों में भी सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जाएगी और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें