बक्शी प्रताप सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चढ़ियार में शुक्रवार को तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-19 छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल ने किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में जिले के 15 जोन से करीब 540 छात्राएं भाग ले रही हैं। इस दौरान खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल और कुश्ती की प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं। विधायक किशोरी लाल ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने छात्राओं से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी विद्यालय और क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ आपसी सौहार्द और टीम भावना सीखने का अवसर मिलेगा। तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल ने किया, जबकि समापन राज्यसभा सांसद अनुराग ठाकुर करेंगे। प्रतियोगिताओं के पहले दिन से ही छात्राओं में स्टेट लेवल में जगह बनाने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।