मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने खिलाड़ियों और विद्यार्थियों से कहा है कि जीवन में जीत और हार दोनों का सामना करना पड़ता है। इसलिए खिलाड़ियों को जीत का जज्बा रखते हुए लगातार मेहनत करनी चाहिए, लेकिन हार मिलने पर कभी घबराना नहीं चाहिए। मंगलवार को राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में छात्र एवं छात्राओं की जिला स्तरीय अंडर-19 एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि खेलों की तरह आम जनजीवन में भी सफलता और असफलता का सिलसिला चलता रहता है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि हर मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ उतरें। यदि किसी प्रतियोगिता में हार का सामना करना पड़े तो उससे निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर आगे की तैयारी और मजबूत करनी चाहिए। सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश में खेलों के ढांचागत विकास और खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सरकार की कमान संभालने के बाद स्कूली खिलाड़ियों की डाइट मनी में कई गुना वृद्धि की है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के लिए रेलवे की उच्च श्रेणी में यात्रा और आवश्यकता पड़ने पर हवाई यात्रा की सुविधा का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को करोड़ों रुपये की पुरस्कार राशि भी दी जा रही है। इससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन मिलने की बात उन्होंने कही। पुराने गर्ल्स स्कूल की जगह को-एजुकेशनल स्कूल के लिए धन्यवाद इस अवसर पर सुनील शर्मा बिट्टू ने पुराने गर्ल्स स्कूल की जगह हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के को-एजुकेशनल स्कूल के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लेने का आह्वान किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे अंडर-19 वर्ग के छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और उच्च स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।