विकास खंड सुजानपुर में आयोजित चार दिवसीय पंचायत प्रतिनिधि प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार को संपन्न हुआ। शिविर के समापन पर सहायक आयुक्त एवं खंड विकास अधिकारी तानिया कश्यप ने प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को पंचायत स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा प्रशिक्षण के पहले और दूसरे दिन ओडीएफ प्लस, ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन, 16वें वित्त आयोग की टाइड ग्रांट के उपयोग और ग्राम पंचायत विकास योजना में स्वच्छता योजना शामिल करने व तीसरे दिन प्लास्टिक कचरे के संग्रहण, पृथक्करण और प्लास्टिक कचरा प्रबंधन इकाई के संचालन को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। चौथे दिन 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक चल रहे स्वच्छता ही सेवा-2026 पखवाड़े के तहत सभी ग्राम पंचायतों में 2 अक्तूबर तक विशेष स्वच्छता सप्ताह आयोजित करने के निर्देश दिए गए। पंचायतों में विशेष ग्राम सभा आयोजित कर स्वच्छता की शपथ दिलाने के साथ सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, स्कूलों, जल स्रोतों और सामुदायिक शौचालयों की सफाई करवाने को कहा गया।