सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं और उनके परिजनों से करीब 2.37 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों में पुणे, जालंधर और ऊना के निवासी शामिल हैं। सुजानपुर थाना में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले में कुछ अन्य लोग भी जांच के दायरे में आ सकते हैं। सुजानपुर के बैरी निवासी दिव्यांग पूर्व सैनिक सतीश कुमार ने 14 अक्तूबर को पुलिस अधीक्षक हमीरपुर को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एमईएस, टेरिटोरियल आर्मी, आयकर विभाग, रेलवे और अन्य विभागों में भर्ती करवाने का भरोसा देकर युवाओं से पैसे लिए गए। इसमें हमीरपुर और कांगड़ा के युवाओं के अलावा हमीरपुर और पालमपुर में अग्निवीर भर्ती के नाम पर रकम लेने का भी जिक्र किया गया था।