हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर उपमंडल बड़सर की कलौहण पंचायत के अकराणा ब्राह्मणा, अकराणा राजपूतां, घुमारली और जंदराणा गांवों को जोड़ने वाले पैदल रास्ते पर बनी पुलिया करीब डेढ़ साल से क्षतिग्रस्त है। पुलिया गिरने के बाद रास्ते से गुजरने वाले ग्रामीणों को गंदगी के ढेर के ऊपर से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। इससे 55 से 60 परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों मिलाप सिंह, जसवंत सिंह, रजत कुमार (लक्की), अशोक कुमार, राकेश कुमार, लक्ष्मी देवी, शालू, सरिता देवी और कविता देवी ने कहा कि पुलिया गिरने के बाद उन्होंने समस्या को पंचायत के समक्ष उठाया था। उस समय जल्द पुलिया का निर्माण करवाने का आश्वासन दिया। जिला परिषद, वार्ड सदस्य और नवनिर्वाचित पंचायत प्रधान को भी कई बार समस्या से अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने समस्या को स्थानीय विधायक के समक्ष भी रखा था। वहां से विधायक निधि के माध्यम से पुलिया निर्माण के लिए धन उपलब्ध करवाने का आश्वासन मिला, लेकिन मौका पर अभी तक कोई काम नहीं हुआ है। यह रास्ता आसपास के गांवों के लिए महत्वपूर्ण है। विवाह-शादियों और अन्य सामाजिक आयोजनों में आने-जाने के अलावा घुमारली डाकघर जाने के लिए भी दो गांवों के लोग इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। पुलिया नहीं होने से बुजुर्गों समेत अन्य लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्रधान ग्राम पंचायत कलौहण ने कांता देवी कहा कि समस्या पंचायत के ध्यान में है। पुलिया निर्माण के लिए धन उपलब्ध होते ही प्राथमिकता के आधार पर काम करवाने का प्रयास किया जाएगा।