उपमंडल भोरंज के धार्मिक स्थल लदरौर में जिला स्तरीय सायर मेला बुधवार को शुरू हुआ। कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष रामचंद्र पठानिया ने लखवीर बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर रामचंद्र पठानिया ने क्षेत्रवासियों को सायर उत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मेले हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के संवाहक हैं। इनके माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। पठानिया ने कहा कि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद मुख्यमंत्री हिमाचल को आगे बढ़ा रहे हैं। किशाउ बांध परियोजना के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के समक्ष हिमाचल प्रदेश के पक्ष को मजबूती के साथ रखा और प्रदेश के लिए अरबों रुपये का राजस्व सुनिश्चित किया है। पठानिया ने कहा कि विधायक सुरेश कुमार के नेतृत्व में भोरंज विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं पर काम हो रहा है और करोड़ों की नई योजनाएं शुरू की हैं। इस अवसर पर पंचायत प्रधान मनोज कुमार, पूर्व प्रधान नरेश ठाकुर, उपप्रधान जगदेव ठाकुर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकेश बन्याल, जीवन दत्त लक्की, नरेश कुमार, बलदेव सिंह, प्रकाश चौधरी, पार्टी पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, महिला मंडलों की पदाधिकारी और अन्य लोग उपस्थित रहे।