जन्माष्टमी के पर्व को लेकर हमीरपुर बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के लिए बाजार में विशेष तैयारियां देखने को मिल रही हैं। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप नन्हें कान्हा को सजाने के लिए आकर्षक पोशाकों, मुकुट, बांसुरी और अन्य श्रृंगार सामग्री की खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। बाजार की दुकानों पर नन्हे कान्हा के लिए रंग-बिरंगी और आकर्षक पोशाकें सजाई हैं। इनमें पारंपरिक धोती-कुर्ता, मुकुट और मोरपंख से सजी पोशाकें लोगों को खूब आकर्षित कर रही हैं। बच्चों के लिए कान्हा के रूप में तैयार होने वाली पोशाकों की भी मांग बढ़ गई है। अभिभावक अपने बच्चों के लिए पसंदीदा पोशाक खरीदने के लिए दुकानों का रुख कर रहे हैं। जन्माष्टमी के नजदीक आते ही बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। खासकर शाम के समय दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है। दुकानदारों ने भी पर्व को देखते हुए विभिन्न डिजाइन और रंगों की पोशाकें उपलब्ध करवाई हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस बार जन्माष्टमी पर अच्छी खरीदारी की उम्मीद है। पिछले कुछ दिनों से नन्हे कान्हा की पोशाकों और श्रृंगार सामग्री की मांग बढ़ी है।